गौरीगंज (अमेठी)। यूपी बोर्ड परीक्षा के 13वें दिन पहली पाली में हाईस्कूल के उर्दू व कश्मीरी तो इंटर के फल एवं खाद्य पदार्थ संरक्षण विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। पहली पाली में हाईस्कूल के उर्दू विषय में पंजीकृत 428 में 394 छात्र परीक्षा में शामिल हुए तो कश्मीरी भाषा में पंजीकृत जिले का इकलौता छात्र परीक्षा देने केंद्र पर नहीं पहुंचा। पहली पाली में इंटर के 16 तो दूसरी पाली में 1061 छात्रों ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण व नकलविहीन चल रही है। परीक्षा के लिए निर्धारित 81 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल के उर्दू व कश्मीरी तो इंटर के फल एवं खाद्य संरक्षण की तो दूसरी पाली में इंटर के रसायन विज्ञान व समाज शास्त्र विषय की परीक्षा हुई।
परीक्षा केंद्रों पर नामित स्टैटिक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में निर्धारित समय में प्रश्नपत्रों का सील्ड लिफाफा खोलते हुए सचिव की ओर से ऑनलाइन नामित कक्ष निरीक्षकों के मध्यम से परीक्षा कक्षों में कोविड प्रोटोकॉल के बीच वितरित कर परीक्षा कराई गई। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र, बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक व एएओ आशुतोष मिश्र समेत अन्य अफसर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की निगरानी करते रहे।
पहली पाली में हाईस्कूल के उर्दू विषय में पंजीकृत 428 में 394 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 32 ने परीक्षा छोड़ दी। हाईस्कूल में कश्मीरी विषय में आवेदन करना वाला इकलौता परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। इंटर के फल एवं खाद्य संरक्षण में पंजीकृत 515 में 499 परीक्षा में शामिल हुए तो 16 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में 81 केंद्रों पर हुई इंटर के रसायन विज्ञान व समाजशास्त्र विषय में पंजीकृत 14,770 परीक्षार्थियों में 13,709 ने परीक्षा दी तो 1061 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रभारी राकेश कश्यप ने बताया कि मंगलवार को परीक्षा के अंतिम दिन पहली पाली में हाईस्कूल के गणित तो दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा होगी।