गौरीगंज (अमेठी)। विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशत बढ़ाने के साथ मतदान को पारदर्शी बनाने के लिए सेना के जवान ई-सिस्टम से मतदान करेंगे। जिले की चारों विधानसभा के 2,483 जवानों को जिला प्रशासन इलेक्ट्रानिक ट्रांसमिशन ऑफ पोस्टल बैलेट सॉफ्टवेयर (ईटीपीबीएस) से मतदान कराने की कवायद में जुटा है। जवानों के लिए व्यक्तिगत लॉगइन आई-डी व पासवार्ड मुहैया कराते हुए सॉफ्टवेयर से बैलेट पेपर डाउन लोड कर मतदान करने की सुविधा मिलेगी।
देश की सुरक्षा में तैनात सेना के जवान इस बार विधानसभा चुनाव में ई-सिस्टम से मतदान करेंगे। जिले के 2,483 सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, नेवी, एयरफोर्स में तैनात जवानों को इलेक्ट्रानिक ट्रांसमिशन ऑफ पोस्टल बैलेट सॉफ्टवेयर (ईटीपीबीएस) से मतदान कराया जाएगा। यह सुविधा विधानसभा चुनाव में पहली बार होगी। हालांकि इसकी शुरुआत वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से की गई थी।
निर्वाचन कार्यालय से सेना के रेजीमेंट रिकार्ड ऑफिस को तिलोई विधानसभा में 266, जगदीशपुर में 483, गौरीगंज में 493 व अमेठी में 1,181 जवानों को ऑनलाइन पोस्टल बैलेट पेपर भेजे जा चुके हैं। इसे डाउनलोड करके जवान अपने गृह जनपद के प्रत्याशी को वोट कर सकेंगे। इससे पहले के चुनावों में पोस्टल बैलेट पेपर डाक से भेजे जाते थे, जिसमें काफी समय लग जाता था।
सॉफ्टवेयर से पोस्टल बैलेट पेपर डाउनलोड करने के लिए जवानों को व्यक्तिगत लॉगइन व पासवर्ड भी उपलब्ध कराया गया है। मतदान के बाद संबंधित डाक जिले को भेज दिए जाएंगे। उनके द्वारा भेजे जाने वाले बैलेट पेपर को ट्रेजरी में सुरक्षित रखा जाएगा। ट्रेजरी से मतगणना के दिन लिफाफे विधानसभावार नामित आरओ को दिए जाएंगे।
जहां आयोग के निर्देशानुसार मतों की गणना होगी। डाक विभाग से लिफाफे प्राप्त करने के साथ ट्रेजरी में रखने व गणना स्थल पर पहुंचाने के साथ गणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने के साथ सुरक्षा का संपूर्ण प्रबंध आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन करेगा।