गौरीगंज (अमेठी)। यूपी बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन पहली पाली में हाईस्कूल के चित्रकला तो इंटर के भूगोल विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर तो इंटर के व्यवसाय अध्ययन व गृहविज्ञान की परीक्षा हुई।
पहली पाली में हाईस्कूल में पंजीकृत 21,268 परीक्षार्थियों में से 1653 तो इंटर के भूगोल में पंजीकृत 4494 परीक्षार्थियों में 384 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए मॉनीटरिंग सेल से हाईटेक विधि के साथ अफसर परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण व नकलविहीन चल रही है। परीक्षा के लिए निर्धारित 81 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल के चित्रकला/रंजनकला तो इंटर भूगोल विषय की तो दूसरी पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर तो इंटर के व्यवसाय अध्ययन, व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार के साथ गृहविज्ञान विषय की परीक्षा हुई।
परीक्षा केंद्रों पर नामित स्टैटिक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की मौजूदगी में निर्धारित समय में प्रश्नों पत्र परीक्षा कक्षों में कोविड प्रोटोकॉल के तहत वितरित कर परीक्षा कराई गई। परीक्षा की शुचिता कायम रहे इसके लिए डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र, बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक व एएओ आशुतोष मिश्र समेत अन्य अफसर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की निगरानी करते रहे तो जीजीआईसी में बने मॉनीटरिंग सेल से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रीतू चौधरी ऑनलाइन निगरानी कर केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देती रहीं।
चार दिन में जिले में किसी भी केंद्र पर अब तक परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने का कोई मामला सामने नहीं आया है। चौथे दिन पहली पाली में हाईस्कूल के चित्रकला/रंजनकला में पंजीकृत 21,268 में 19,615 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए तो 1653 ने परीक्षा छोड़ दी।
इंटर के भूगोल विषय में पंजीकृत 4494 परीक्षार्थियों में 4110 ने परीक्षा दी तो 384 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रभारी राकेश कश्यप ने बताया कि मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल के संस्कृत व इंटर के चित्रकला तो दूसरी पाली में हाईस्कूल के संगीत वादन तथा इंटर के अर्थशास्त्र तथा वाणिज्य भूगोल पुराना पाठ्यक्रम (वाणिज्य वर्ग) के परीक्षार्थियों की परीक्षा 81 केंद्रों पर होगी।