ताज की सुरक्षा के नाम पर देश की वनवासी कन्याओं से रामनामी दुपट्टा उतरवा लेने वाले कर्मचारी नियमों को लेकर कितने प्रतिबद्ध हैं, इसका नजारा इस तसवीर में देखने को मिल रहा है। बुधवार को ताज का दीदार करने आए अमेरिकी दल के 40 युवक-युवतियां यहां भौंडा प्रदर्शन करते रहे और किसी को पता तक नहीं चला। इसका वीडियो भी शूट किया गया।
ताजमहल में किसी तरह का प्रदर्शन करने की मनाही है। इसके बावजूद बुधवार को यहां सेंट्रल टैंक के पास अमेरिका से आए तकरीबन 40 युवक-युवतियों के दल ने दोपहर में पैंतालीस मिनट तक डांस करके इसका वीडियो शूट कराया। दल में शामिल युवक-युवतियों ने विभिन्न मुद्राओं में डांस स्टेप किए। इतना ही नहीं एक दूसरे की पीठ पर बैठकर भौंडा प्रदर्शन भी किया।
इनका धमाल देख ताज देखने आए अन्य पर्यटक भी उनकी करतूतों को देखते रहे। फोटोग्राफरों ने बताया कि अलग-अलग दल यहां डांस कर रहे हैं। तीन दिन से यह सिलसिला चल रहा है। न तो इन्हें कोई रोकने वाला है न टोकने वाला।
नियम विरुद्ध हरकत
एएसआई की मॉनूमेंट एक्ट में साफ उल्लेख है कि ताजमहल समेत किसी स्मारक पर किसी तरह की मनोरंजक गतिविधि की इजाजत नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि ताज में किसी तरह की नाच-गाना नहीं हो सकता है।
डांस की जानकारी नहीं
संरक्षण सहायक मुनज्जर अली का कहना है कि ताजमहल पर बुधवार को किसी तरह की शूटिंग नहीं हुई है। किसी दल के सदस्यों के डांस प्रस्तुति की जानकारी नहीं है।