अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बसखारी थाना क्षेत्र के किछौछा निवासी रहमान (24) शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह मसड़ा बाजार के निकट पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में युवक की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लोरपुर निवासी गोलू तिवारी (30) रविवार को कलेक्ट्रेट की तरफ जाने के दौरान पटेलनगर तिराहे के निकट मैजिक की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लोरपुर निवासी संजीव (25) रविवार दोपहर अकबरपुर जाते समय फव्वारा तिराहे के निकट अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसमें उसे गंभीर चोटें आ गईं। अहिरौली थाना क्षेत्र के खेमापुर निवासी राजितराम (28) सुबह कटेहरी जाने के दौरान यादवनगर तिराहे के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर निवासी झपसी (62) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहे थे। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के केदारनगर निवासी भागीरथी (53) सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।