जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर गांव में शराब पीने के बाद युवक की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां घंटों उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई। नागरिकों के बीच आशंका जताई जा रही है कि जहरीली शराब पीने से ही यह घटना हुई है। हालांकि पुलिस ने प्रथम दृष्टया जहरीली शराब का मामला होने से इन्कार किया है। बताया कि इलाज के बाद ठीक हो चुके तीन ग्रामीणों को विधिवत मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जैतपुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर गांव निवासी अनिल (27), अरविंद (26), मोहित (22) व गुड्डू (27) ने सोमवार को जनपद सीमा पर स्थित आजमगढ़ की एक बाजार के ठेके से शराब खरीदकर पी। इसके बाद वे सभी अपने घर चले आए। आधी रात चारों की तबियत बिगड़ गई। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घंटों उपचार के बाद अरविंद, मोहित व गुड्डू की तबियत ठीक हो गई, जबकि अनिल की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो गई। इसके चलते चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया।
परिवारीजन अनिल को लेकर आजमगढ़ जनपद चले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवारीजन शव लेकर घर चले आए। जानकारी होने पर जैतपुर पुलिस गांव पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने जहरीली शराब से मौत होने की आशंका प्रकट की। इसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। आननफानन पहुंची पुलिस ने इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके तीनों युवकों को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
उधर, थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहरीली शराब का मामला नहीं लग रहा है। तीन ग्रामीणों को मेडिकल, जबकि दिवंगत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि किस कारण से मौत हुई है। फिलहाल जरूरी छानबीन की जा रही है।