केदारनगर (अंबेडकरनगर)। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर बाजार में भूमि विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने दूसरे पर कट्टे से फायर झोंक दिया। निशाना चूक जाने से वह बाल-बाल बच गया। बाद में ग्रामीणों ने आरोपी को धर दबोचा। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। इसी घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी ध्रुव कुमार श्रीवास्तव ने बीते दिनों अपना एक भूखंड चितवई निवासी राकेश कुमार वर्मा को बेच दिया था। बाद में लेनदेन काे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि ध्रुव इसी बात काे लेकर राकेश कुमार से चिढ़ा हुआ था। पिछले कई दिनों से वह राकेश कुमार को सबक सिखाने के इरादे से खोज रहा था।
सोमवार सुबह राकेश बलरामपुर चौराहे पर बैठा हुआ था। इस पर ध्रुव चौराहे पर पहुंच गया और राकेश से उलझ गया। आरोप है कि इसी बीच उसने तमंचे से फायर झोंक दिया। इसमें राकेश बाल-बाल बच गया। आक्रोशित लोगों ने ध्रुव कुमार को पकड़ लिया। बाद में उसे सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। संवाद