बलरामपुर। शारदीय नवरात्र की द्वितीया तिथि पर मंगलवार को श्रद्धा और आस्था के संगम में डूबा बलरामपुर। ज्ञान, ध्यान और तप की प्रतीक माता ब्रह्मचारिणी की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर के प्रसिद्ध बिजलीपुर मंदिर सहित जिले के विभिन्न देवी मंदिरों में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिरों के पट खुलते ही जय माता दी के गगनभेदी उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बिजलीपुर मंदिर में देवी दर्शन के साथ-साथ मुंडन, कर्णछेदन और जनेऊ संस्कार भी संपन्न हुए। इसके अलावा नगर स्थित झारखंडी मंदिर, कालीमाता मंदिर, समय माता मंदिर, बड़की बहिनी थान, उतरौला स्थित ज्वालादेवी मंदिर एवं तुलसीपुर स्थित नई देवी मंदिर, रहिया देवी मंदिर, महदेइया स्थित दुर्गा देवी मंदिर व झिंगहा माता मंदिर में भी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना पूरे विधि विधान के साथ की गई।
पंडालों में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़
नगर के सिविल लाइन, पहलवारा, चूड़ी मार्केट, गुड़मंडी, भगवतीगंज व मेजर चौराहा आदि स्थानों पर सजाए गए मां दुर्गा के पंडालों में सुबह से शाम तक भीड़ जुटी रही है। इसके अलावा उतरौला, तुलसीपुर, रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर, पेहर बाजार, गैसड़ी, हरैया सतघरवा, ललिया, श्रीदत्तगंज व गैड़ास बुजुर्ग आदि स्थानों पर सजे पंडालों में भी विधि-विधान से मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की गई।