अंबेडकरनगर के कटेहरी रेलवे स्टेशन पर इसी फुट ओवरब्रिज निर्माण के दौरान गिरकर हुई मजदूर की मौत-सं?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। कटेहरी रेलवे पर बन रहे फुट ओवरब्रिज के निर्माण के दौरान बुधवार को वेल्डिंग का कार्य कर रहा मजदूर हाईटेंशन लाइन तार की चपेट में आकर रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा। जरूरी सुरक्षा प्रबंध न होने के चलते इससे उसका सिर फट गया, जिससे उसकी मौत हो गई। कार्यदायी संस्था उसे लेकर अयोध्या जनपद के गोशाईगंज सीएचसी पहुंची। वहां चिकित्सकों के मृत घोषित करने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए अयोध्या भेज दिया। खबर है कि पुलिस ने कार्यदायी संस्था के एक अधिकारी को हिरासत में ले रखा है।
कटेहरी रेलवे स्टेशन पर मौजूदा समय में फुट ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। कार्यदायी संस्था एसपीजी कंपनी नई दिल्ली द्वारा काम कराया जा रहा है। बुधवार को भी निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जाता है कि निर्माण में लगा मथुरा का मजदूर हरिनाम वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी बीच नीचे से ट्रेनों के लिए बनी हाईटेंशन लाइन से मशीन का एक भाग छू गया। इससे उसे झटका लगा, और अनियंत्रित हो गया। पहले वह नीचे से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन तार पर गिरा, जिससे उसके कपड़े में आग लग गई। फिर से झटका लगने पर वह नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा, जिससे उसका सिर फट गया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
आननफानन उसे पड़ोसी जनपद अयोध्या के सीएचसी गोशाईगंज ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच जानकारी होते ही पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने संस्था के एक अधिकारी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार परिवारीजन अभी नहीं आए हैं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के नहीं थे प्रबंध
फुट ओवरब्रिज निर्माण के दौरान सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं किए गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुट ओवरब्रिज के नीचे से इलेेक्ट्रिक लाइन गई हुई है। इसके ऊपर काम कराया जा रहा था। उनका कहना था कि ऐसी परिस्थिति में सुरक्षा के प्रबंध किए जाने थे। यदि ऐसा प्रबंध होता, तो शायद मजदूर की जान बचाई जा सकती थी। फुट ओवरब्रिज में लगे कुछ मजदूरों ने भी नाम न छापने की शर्त पर कहा कि उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों की मांग की थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।