राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के सपा नेताओं की बैठक रविवार को हुई। विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रवींद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सेक्टरों को जोन में बांटकर पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सक्रियता से काम करें। पूर्व सांसद त्रिभुवन दत्त ने कहा कि सभी लोगों को कोरोना गाइडलाइन के अनुसार ही कार्य करना होगा। इसके लिए जो भी गाइडलाइन है, उसका सभी कार्यकर्ता गंभीरता से पालन करें। इससे वह स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे।
पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा की तय हार उनके नेता जान चुके हैं, इसके चलते ही भगदड़ मची है। कहा कि सरकार सपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी। परंतु पार्टी के कार्यकर्ता इससे दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कोरोना गाइडलाइन व आचार संहिता के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। कहा कि उन लोगों पर कोरोना गाइडलाइन व आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में फर्जी मुकदमे भी दर्ज किए जा सकते हैं। इससे कार्यकर्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, खाद, बिजली की समस्या से जूझ रही है। बिड़हर में बैठक के दौरान उन्होंने बसपा छोड़कर आए कई नेताओं को सपा की सदस्यता दिलायी। इस मौके पर बसपा छोड़कर आए मोहम्मद मिनहाजुद्दीन, जिला पंचायत सदस्य अजीत यादव, प्रधान संघ मंडल अध्यक्ष घनश्याम यादव, ब्रह्मदेव यादव, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, रामप्रसाद यादव, अजय गौतम, रजनीकांत यादव आदि मौजूद रहे।