जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना क्षेत्र के कुसुमखोर गांव में बस्ती के पास शराब की दुकान खुलने की तैयारी से नाराज महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि ठेका आबादी से दूर खोला जाए। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंच कर जरूरी प्रक्रिया का पालन कराए जाने का आश्वासन दिया।
बीते दिनों जलालपुर तहसील के कुसुमखोर गांव में देसी शराब का नया ठेका खोले जाने की अनुमति मिली थी। ठेकेदार ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दीं। गांव के पास ठेका खुलने की तैयारी देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गत दिवस जैतपुर थाने में प्रार्थनापत्र देकर ठेका खुलने का विरोध दर्ज कराया, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शुक्रवार को काफी महिलाएं तहसील मुख्यालय पहुंच कर प्रदर्शन करने लगीं। उनका आरोप था कि गांव में शराब का ठेका खुल जाने से परिवार के पुरुष सदस्यों को नशे की लत लग जाएगी। जिसका असर परिवार पर पड़ेगा।
प्रदर्शनकारी महिला किस्मती, पुष्पावती, कंचन व कमलेश ने कहा कि जहां ठेका खुल रहा है वहीं से छात्र-छात्राएं स्कूल जाती हैं, उन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उनकी मांग थी कि दुकान कहीं और स्थानांतरित की जाए। मौके पर पहुंचे तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार ने आश्वासन दिया कि जरूरी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।