.रीमा की मौत के बाद परिजनों को दिलासा देती पूर्व विधायक अनीता कमल। संवाद
आलापुर। क्षेत्र के खतमीपुर गांव में सोमवार सुबह रीमा चौहान (28) की विद्युत करंट से मौत हो गई। उन्होंने एक पड़ोस की महिला को बिजली के झटके से बचाने का प्रयास किया था, इस दौरान वह खुद चपेट में आ गईं। बेटी को बचाने में पिता रामशरण भी झुलस गए। तीनों को सीएचसी ले जाया गया जहां रीमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामशरण का इलाज चल रहा है। यह घटना सुबह लगभग सात बजे तेज बारिश के दौरान हुई।
रीमा चौहान का विवाह 2018 में अहिरौली के जमदरा गांव निवासी बृजमोहन चौहान से हुआ था। कुछ दिन पहले वह अपनी छह माह की बेटी के साथ मायके खतमीपुर आई थीं। सोमवार सुबह एक पड़ोसन दूध लेने उनके घर पहुंची। पड़ोसन ने बारिश से बचने के लिए छाता ले रखा था। छाते का लोहे का ऊपरी हिस्सा घर के बाहर खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे करंट चैनल गेट तक फैल गया और पड़ोसन उसकी चपेट में आकर गिर पड़ी। पड़ोसन को तड़पता देख रीमा उसे बचाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने किसी तरह महिला को करंट की चपेट से बाहर निकाला।
इसी दौरान रीमा खुद चैनल गेट में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गईं। वह गेट से चिपक गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह देख रीमा के पिता रामशरण अपनी बेटी को बचाने के लिए दौड़ पड़े। इस प्रयास में वह भी करंट की चपेट में आ गए। रीमा के भाई लल्लन चौहान और अन्य ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर डंडों की सहायता से विद्युत तार को अलग किया। परिजन तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर ले गए, वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रीमा को मृत घोषित कर दिया। रामशरण का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
छह माह की बेटी के सिर से उठा मां का साया
रीमा की असामयिक मृत्यु से उनके मायके खतमीपुर और ससुराल जमदरा दोनों जगह मातम का माहौल है। उनके पति बृजमोहन चौहान दुबई में रहते हैं। 2018 में शादी के बाद आठ साल के लंबे इंतजार के बाद रीमा को जनवरी 2026 में बेटी हुई थी। घर में खुशी का माहौल था और बृजमोहन बेटी के जन्मदिन पर विदेश से आने की तैयारी में थे। रीमा के चार भाई मोहित, रोहित, सोनू और लल्लन बहन की मौत के बाद गहरे सदमे में हैं। उनकी मां का पूर्व में सड़क हादसे में निधन हो चुका है।
.रीमा की मौत के बाद परिजनों को दिलासा देती पूर्व विधायक अनीता कमल। संवाद