अंबेडकरनगर। कुर्कीबाजार के निकट बाइक सवार दंपती को शुक्रवार देर शाम परिवहन निगम की बस ने कुचल दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शनिवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सम्मनपुर थाना अंतर्गत बरसावां हाशिमपुर गांव निवासी महेंद्र पत्नी निर्मला (45) को बाइक से लेकर शुक्रवार देर शाम जिला अस्पताल से घर जा रहा था। बताया जाता है कि जब दोनों कुर्कीबाजार से कुछ आगे बढ़े, तो इसी बीच उधर से गुजर रही परिवहन निगम की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पति तो बाल-बाल बच गया, लेकिन महिला को गंभीर चोटें आईं। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को पूर्वाह्न इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।