अंबेडकरनगर। मालीपुर क्षेत्र के सलाहपुर अकबालपुर गांव में मंगलवार को खेत में घास काटने गई बसकाली (69) की खेत में टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
सलाहपुर अकबालपुर निवासी चंद्रेश कुमार के मुताबिक वह ड्राइवर हैं। मंगलवार की सुबह आठ बजे वह निजी वाहन लेकर बुकिंग पर चले गए थे। करीब नौ बजे उनकी मां बसकाली, खेत में जानवरों के लिए चारा लेने गईं। खेत में घास काटते समय जमीन पर टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गईं। तार पर पैर रखते ही वह करंट की चपेट में आ गईं। उनकी चीख सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी बसकाली अचेत होकर खेत में गिर चुकी थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही उनके पति राम पलट मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन बेटे हैं। इनमें से दो बेटे राजाराम और बृजलाल मुंबई में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों बेटे मुंबई से रवाना हो गए हैं। घर पर उनका सबसे छोटा बेटा चंद्रेश ही रहता है। थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि अब तक कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। प्रार्थना पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।