कटेहरी। क्षेत्र के भिउरा गांव में लंबे समय से चकबंदी को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को किसानों का दोबारा मंतव्य लिया गया। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में हुए मतदान में अधिकांश किसानों ने चकबंदी के पक्ष में राय दी। गांव में पहले भी चार बार मतदान हो चुका था लेकिन स्पष्ट निर्णय नहीं निकल सका था। इसके बाद गांव के एक व्यक्ति ने उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में रिट याचिका दायर की। न्यायालय के निर्देश पर चकबंदी आयुक्त के आदेश के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम गठित कर दोबारा मतदान कराया।
मतदान में 311 खतौनी धारकों में से 111 किसानों ने हिस्सा लिया। इनमें 94 ने चकबंदी के पक्ष और 17 ने विरोध में मतदान किया। पूरी प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। एडीएम (न्यायिक) रंजीत सिंह ने बताया कि जनवरी में हुए मंतव्य में पक्ष और विरोध में 105-105 मत पड़े थे। इसके बाद शासन स्तर से दोबारा किसानों की राय लेने के निर्देश मिले। इस बार पड़े मतों में लगभग 75 प्रतिशत किसानों ने चकबंदी के पक्ष में मतदान किया। पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। चकबंदी लागू करने या नहीं करने का अंतिम निर्णय वहीं लिया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, एसडीएम टांडा डॉ. पुष्पेंद्र पटेल, सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी व अन्य उपस्थित रहे।