अंबेडकरनगर। पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही के भाई की पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य शालिनी सिंह ने कहा है कि वे एक दो दिन में मीडिया के सामने आकर साजिशों का पर्दाफाश करेंगी। सोमवार को फिर पड़े छापे से आहत शालिनी ने कहा कि हम सब पढ़े-लिखे परिवार से हैं। सब कुछ समझते हैं।
मैंने शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र और प्राचीन इतिहास से परास्नातक तक की पढ़ाई करने के साथ ही बीएड की डिग्री ली है। विधि स्नातक की छात्रा रही हूं। परिवार के अन्य सदस्य भी बेहतर शैक्षिक योग्यता वाले हैं। पुलिस के लोग हमें गुमराह करने का काम न करें। वे अनायास एक सप्ताह में दो बार छापा डाल कर हमें परेशान क्यों कर रहे हैं, यह हमें और बाकी सबको भी अच्छे से पता है। शालिनी ने कहा कि हम अब चुप नहीं रहेंगे। एक दो दिन में हम मीडिया के सामने तमाम तथ्य लेकर आएंगे और साजिश रचने वालों को बेनकाब करेंगी। जरूरत हुई तो हाईकोर्ट की भी शरण लेंगे।