जलालपुर (अंबेडकरनगर)। बालिका के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म में नामजद लोगों की धरपकड़ को बुलडोजर का खौफ कारगर साबित हुआ। इधर पुलिस बुलडोजर लेकर आरोपियों के घर पहुंची तो दूसरी तरफ पांचों फरार आरोपी खुद ही समपर्ण करने को जैतपुर पुलिस थाने जा पहुंचे। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जैतपुर थाना क्षेत्र में एक दिन पहले बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। आरोपियों ने इसका अश्लील वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इस मामले में पीड़िता के परिवारजनों की तहरीर पर पुलिस ने रामगढ़ जिउली निवासी 6 लोगों को इस घटना का आरोपी मानते हुए गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू करते हुए बीते बुधवार को ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पांच अन्य लोग फरार थे।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने मामले को गंभीरता से लेते जैतपुर पुलिस को इस मामले में किसी भी तरह की कोई ढिलाई न बरतने को निर्देशित किया। एसपी के सख्त तेवर को भांपते हुए एक्शन मोड में आयी जैतपुर पुलिस भी थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह की अगुवाई में बुधवार शाम ही जेसीबी मशीन के साथ गांव पहुंच गयी।
पुलिस टीम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से गांव में ऐलान कराया कि गैंगरेप के फरार चल रहे पांचों आरोपियों ने यदि जल्द आत्म समर्पण नहीं किया तो उनका घर ढहाए जाने की सख्त कार्रवाई होगी। इतना ही नहीं यदि किसी ने उन्हें छिपाने में मदद की तो उसके खिलाफ भी पुलिस बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई करेगी। जेसीबी मशीन देखकर गांव वालों के साथ ही आरोपियों के परिजनों में भी हड़कंप मच गया। इसका सीधा असर भी जल्द ही दिखायी पड़ा।
घरों पर बुलडोजर चलवाने की घोषणा के कुछ घंटे बाद ही रामगढ़ जिउली निवासी पांचों आरोपियों ने जैतपुर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसमें कमलेश, शुभम, रमेश, विजय कुमार विश्वकर्मा व जय हिंद शामिल रहे। सभी आरोपी थाने के गेट से ही हाथ जोड़ते हुए अंदर दाखिल हुए कार्रवाई न करने की दुहाई लगाते हुए आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस की सख्ती के चलते ही आरोपियों ने 12 घंटे के अंदर ही खुद आत्मसमर्पण किया है। अपराधी कोई भी उसके खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।