अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज विकासखंड में आयोजित विवाह समारोह में मौजूद जोड़े।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले के चार विकास खंडों में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को 230 जोड़े फेरे लेकर विवाह के बंधन में बंध गए। अतिथियों ने जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। इसके साथ ही योजना के तहत मिलने वाली राशि के अलावा अन्य घरेलू सामान भी सभी को सौंपा गया। वहीं अतिथियों व सगे संबंधियों के लिए जलपान के साथ-साथ भोजन आदि का भी प्रबंध रहा। अतिथियों ने योजना को कल्याणकारी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के जरिए गरीब बेटियों के हाथ पीले हो रहे हैं।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को जिले के बसखारी, जहांगीरगंज, भीटी व जलालपुर विकासखंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जोड़ों ने फेरे लिए। बसखारी विकासखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुल 53 जोड़े फेरे लेकर शादी के बंधन में बंधे। इसमें टांडा ब्लॉक के 26, जबकि 27 जोड़े बसखारी के शामिल रहे। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र मोहन उर्फ संजय सिंह ने जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कहा कि यह योजना गरीब बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसके माध्यम से बेटियों के हाथ पीले हो रहे हैं।
जहांगीरगंज विकासखंड में कुल 77 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। सभी को सरकार की तरफ से मिलने वाली राशि व उपहार सौंपे गए। मुख्य अतिथि विधायक अनीता कमल ने कहा कि सरकार की यह योजना मील का पत्थर साबित हो रही है। गरीब परिवार से जुड़ी बेटियों के हाथ जहां इस योजना के माध्यम से आसानी से पीले हो रहे हैं, वहीं संबंधित अभिभावकों की भी समस्याएं समाप्त हुई हैं।
उधर, भीटी विकासखंड परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री विवाह समारोह में 44 जोड़ों ने एक-दूसरे के साथ फेरे लेकर विवाह की रस्म पूरी की। सभी को योजना से मिलने वाली राशि के साथ साथ अन्य घरेलू सामान सौंपा गया। वहीं जलालपुर विकासखंड में आयोजित समारोह में कुल 56 जोड़ों ने फेरे लिए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न हुआ। भाजपा नेता केके मिश्र व खंड विकास अधिकारी हरिनारायण ने जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।