अकबरपुर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
अंबेडकरनगर। त्योहार का सीजन खत्म होने के साथ सहालग शुरू हो गई है। ऐसे में लोगों का आवागमन बढ़ा है। ट्रेनों में सफर करने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। लंबी दूरी की ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को सफर में मुश्किल हो रही है।
मंगलवार को अकबरपुर रूट से होकर गुजरने वाली कई ट्रेन घंटों लेट रहीं, इसकी वजह से मुसाफिरों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अकबरपुर के रास्ते हावड़ा को जाने वाली दून एक्सप्रेस अपने तय समय से एक घंटे 45 मिनट लेट रही। वहीं भागलपुर जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस एक घंटे देरी से पहुंची। इसी तरीके से कई अन्य ट्रेनें भी देरी से पहुंचीं। स्टेशन परिसर में यात्रियों की खासी भीड़भाड़ रही। ट्रेन की स्थिति की जानकारी के लिए पूछताछ केंद्र के बाहर यात्रियों की लंबी कतार नजर आई।
स्टेशन परिसर में दिखी गंदगी
रेलवे स्टेशन को साफ-सुथरा रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती तो है, लेकिन वहां की सफाई व्यवस्था बेपटरी है। प्लेटफाॅर्म एक के आसपास तो साफ-सफाई नजर आई लेकिन प्लेटफाॅर्म दो के पास गंदगी फैली रही। कूड़ा डालने के लिए रखे डस्टबिन जमीन पर पड़े नजर आए। इसी तरीके से शौचालय के पास रखा डस्टबिन भी कूड़े से भरा उल्टा पड़ा था।
दुरुस्त की जा रही व्यवस्था
अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। सफाई प्रबंध भी बेहतर किए जा रहे हैं। - विनोद कुमार, स्टेशन अधीक्षक