अंबेडकरनगर। जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विशेष मुहिम ने रफ्तार पकड़ ली है। जिला प्रशासन की देखरेख में कहीं वॉल राइटिंग हो रही तो कहीं जागरूकता रैली निकाली जा रही। इसमें सोमवार को विद्यार्थियों के अलावा, शिक्षकों व विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। कई जगहों पर रंगोली बनाकर भी मतदाताओं को जागरूक किया गया। डीएम सैमुअल पॉल एन ने आह्वान किया कि शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लें।
जिले में शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। इसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के साथ ही स्वयंसेवी संस्थाएं व गणमान्य नागरिकों को भी जोड़ा जा रहा है। सोमवार से स्कूल खुलने पर इसमें विद्यार्थी भी शामिल किए गए। स्वीप अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता होर्डिंग भी लगाई जा रही है। इस बीच सोमवार को लगभग सवा माह बाद कॉलेज खुले, तो विभिन्न कॉलेजों में शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कहीं वॉल राइटिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया, तो कहीं मतदान का संकल्प लिया गया।
अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डॉ. गणेशकृष्ण जेतली इंटर कॉलेज व राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर में वॉल राइटिंग के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को संकल्प भी दिलाया गया। डीआईओएस प्रवीण मिश्र ने बताया कि जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर अमित कुमार, इंद्रजीत, रजनी, तारा वर्मा व राजेंद्र आदि मौजूद रहे। सोमवार को जलालपुर में खंड विकास अधिकारी एके पांडेय के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
रैली में शामिल गोपरी चांदपुर व भियांव के बच्चों ने हाथों में जागरूकता से संबंधी बैनर लेकर विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस मौके पर बृजेश तिवारी, सत्य प्रकाश मिश्र व चंद्रभान आदि मौजूद रहे। भीटी में न्याय पंचायत काछासारी पट्टी के अंतर्गत आने वाले 15 विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षामित्रों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
कई गांवों में ग्रामीणों को शत प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया। इसमें राममूर्ति, शिवानंद, रोहिंत दुबे, वीरेंद्र चौधरी, कृष्णानंद उपाध्याय, दुर्गेश गुप्त, आनंद वर्मा व संतोष श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। रामअवध स्मारक इंटर कॉलेज मसेना मिर्जापुर में छात्राओं श्वेता मिश्रा, रिया वर्मा, ज्योति, प्रिया, संध्या व मुस्कान ने प्रधानाचार्य वीएन यादव व शिक्षक नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्लोगन व पेंटिंग अभियान चलाया। रंगोली बनाकर शतप्रतिशत मतदान का संदेश भी दिया गया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जलालपुर में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अमन श्रीवास्तव, विभाग संगठन मंत्री अमन मिश्र, जिला संयोजक आकाश पांडेय व अतुल सोनी की विशेष मौजूदगी में बैठक कर मेरा वोट मेरी आवाज मुहिम को सफल बनाने पर चर्चा की। तय हुआ कि सभी पांच विधानसभा क्षेत्र में दस-दस कार्यकर्ताओं की टोली बनाकर शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में पुनीत दुबे, अपूर्वा दुबे, आलोक सोनी व आलोक गुप्ता आदि मौजूद रहे।