फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज धमाके की आवाज से जलालपुर नगर में मचा हड़कंप

विज्ञापन
फोटो 35, अंबेडकरनगर के जलालपुर नगर में आकाशीय धमाके के बाद ग्रामीणों से बातचीत करते एसडीएम जलालपु? - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर व आसपास के कई गांवों में गुरुवार पूर्वाह्न हुए रहस्यमयी तेज धमाके ने नागरिकों को चौंका दिया। काफी देर तक इससे अफरातफरी की स्थिति बनी रही। धमाके के चलते कई बाइक सवार अनियंत्रित हो गए। कुछ घरों की खिड़कियों में लगे शीशे टूट गए तो कई टीनशेड उखड़ने की भी खबर सामने आई। एसडीएम ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र का जायजा लिया, लेकिन कहीं से किसी नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली। प्रशासन के अनुसार तेज धमाका नागरिकों ने सुना, लेकिन आवाज कहां से आई और उसका केंद्र कहां था। यह जानकारी नहीं हो पाई है। इस बीच धमाके को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं से माहौल गर्म रहा।
विज्ञापन

गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे करीब जब जलालपुर नगर समेत आसपास की बाजारों व गांवों में जनजीवन सामान्य ढंग से चल रहा था, तभी तेज धमाके ने नागरिकों को चौंका दिया। धमाका इतनी तेज था कि शहरी व ग्रामीण सभी क्षेत्रों के नागरिक किसी अनहोनी की आशंका में सहम गए। स्थानीय नागरिकों के अनुसार धमाका इतनी तेज था कि उससे काफी तीव्र कंपन भी महसूस हुआ।
इससे जलालपुर नगर के अलावा करबला कासिमपुर, नेवादा, बंदीपुर, सम्मनपुर, हजपुरा, मालीपुर, धवरुआ, सुरहुरपुर आदि बाजारों तथा निकटवर्ती गांवों में रह रहे नागरिकों में भगदड़ मच गई। सड़कों पर चल रहे तमाम बाइक चालक अनियंत्रित हो गए। इनमें से इक्का-दुक्का बाइक सवार जहां तहां अनियंत्रित होकर गिर पड़े। एक बाइक चालक सुरेश ने बताया कि ऐसा लगा जैसे बाइक पंचर हो गई हो लेकिन फौरन बाइक रोकी तो सब सामान्य था। नेवादा में मिले बाइक सवार धीरेंद्र का कहना था कि ऐसा लगा कि जैसे बिन मौसम ही आकाश से बिजली गिर रही हो।
विज्ञापन

बाइक सवारों के अलावा घरों व दुकानों समेत विभिन्न कार्यालयों आदि में मौजूद लोगों को भी असहज महसूस हुआ। अनहोनी की आशंका में तमाम नागरिक बाहर निकल आए। तेज धमाका यूं तो दो तीन सेकेंड तक ही रहा, लेकिन उसकी गूंज घंटों समूची जलालपुर तहसील में व्याप्त रही। नागरिकों ने एक दूसरे को फोन कर वस्तु स्थिति का पता लगाना शुरू किया। धमाके को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गईं।
धमाके के बाद प्रशासन फौरन सक्रिय हो गया। एसडीएम महेंद्र पाल सिंह व कोतवाल प्रदुम्मन सिंह ने जलालपुर नगर के कई क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्हें पता लगा कि तेज आवाज का केंद्र अरई व लाभापार गांव था। एसडीएम इसके बाद पुलिस बल लेकर दोनों गांव पहुंचे। वहां गांव में ग्रामीणों से वार्ता की गई, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। एसडीएम ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को आश्वस्त किया कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्थिति पूरी तरह सामान्य है। एसडीएम ने बताया कि धमाकों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। सभी अस्पतालों को अलर्ट किया गया है। यदि ज्यादा संख्या में मरीज पहुंचते हैं तो तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
तेज धमाकों के चलते शीशे टूटने व टीनशेड उखड़ने की खबर भी सामने आई। बताया गया कि नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र के कई घरों में तेज धमाके से खिड़कियों आदि में लगे शीशे चटक गए। कई जगह टीनशेड उखड़ने की भी खबर सामने आई। नागरिकों में सर्वाधिक आशंका भूकंप को लेकर थी। इसके बाद वे नगर या आसपास किसी बड़े बम धमाके को लेकर आशंकित थे। तमाम नागरिकों का मानना था कि आकाश से आई तेज आवाज के चलते ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें