अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट के निकट बांग्लादेश में हिन्दुओं के उत्पीड़न को लेकर प्रदर्शन करते विहिप ?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। न सिर्फ मंदिरों में आए दिन तोड़फोड़ की जाती है, बल्कि पूजा पंडालों में बीते दिनों आग लगा दी गई। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बांग्लादेश में हिंदुओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा गया।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने सुबह कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि बांग्लादेश में लगातार हिंदुओं पर हमले किए जा रहे हैं। वहां उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। बीते दिनों कई मंदिरों में तोड़फोड़ की गई। पूजा पंडालों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पूजा पंडालों में पूजन-अर्चन के लिए आने वालों के साथ मारपीट तक की गई। कहा कि इस प्रकार की घटना अत्यंत निंदनीय व चिंताजनक है। इस पर तत्काल रोक लगाने की जरूरत है। हृदयमणि मिश्र, रामअशीष मिश्र, बृजेश सिंह, डॉ. हिमांशु, विकास मौर्या, दीपक, आलोक चौरसिया ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही बांग्लादेश में हिंदुओं का उत्पीड़न नहीं रुका तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।