अंबेडकरनगर के खैरपुर के घरों में पानी घुसने के बाद एनटीपीसी के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन करते ग्रा
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
केदारनगर। जलनिकासी अवरुद्ध होने व जलभराव होने से नाराज टांडा तहसील अंतर्गत चार गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को एनटीपीसी आवासीय कॉलोनी गेट के समक्ष टांडा मया मार्ग जाम कर दिया। उन्होंने एनटीपीसी अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विस्तारीकरण के दौरान जलनिकासी को अवरुद्ध कर दिया गया है। इसके चलते गांवों की गलियां जलाशय में तब्दील हो गईं। चेतावनी दी कि न सिर्फ एनटीपीसी अधिकारी संबंधित गांव पहुंचकर निरीक्षण करें, बल्कि जलभराव की समस्या को दूर किया जाए। बाद में एसओ इब्राहिमपुर ने मौके पर पहुंचकर समझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद लगभग एक घंटे तक चला जाम समाप्त हो सका।
बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते एनटीपीसी से सटे वाजिदपुर, बहोरीपुर, फत्तेपुर व खैरापुर गांव की गलियां जलाशय में तब्दील हो गईं। आलम यह था कि लगभग एक दर्जन से अधिक घरों में पानी घुस गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने हरिश्चंद्र वर्मा, अमन यादव, लुकमान, अजीत, अमर, संजय ें नेतृत्व में एनटीपीसी आवासीय कॉलोनी गेट के समक्ष पहुंचकर मया टांडा मार्ग जाम कर दिया। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा गया कि एनटीपीसी विस्तारीकरण के दौरान संबंधित गांवों की जलनिकासी के लिए बने नाले व नालियों को अवरुद्ध कर दिया गया। नतीजा यह हुआ कि संबंधित गांवों की जलनिकासी ठप हो गई, जिससे गांव में जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने लगी। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग कई बार जिम्मेदारों से की गई, लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि तीन दिन से हो रही बारिश के चलते संबंधित गांवों की गलियों पूरी तरह से जलाशय में तब्दील हो गई हैं। घरों में पानी घुस गया है। आवागमन समेत विभिन्न प्रकार की मुश्किलें उत्पन्न हो रही हैं। वे एनटीपीसी के अधिकारियों को गांवों में चलकर स्थिति का जायजा लेने व जलनिकासी समस्या को दूर करने की मांग करने लगे। इस बीच जानकारी होते ही एसओ इब्राहिमपुर सुधांशु वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और समझा कर मामला शांत कराया। इसके बाद लगभग एक घंटे तक चला जाम समाप्त हो सका।