भीटी। थाना क्षेत्र के मदारभारी गांव में बीती रात रंजिश के चलते दबंगों ने ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा। इससे पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। बताया जाता है कि दूसरे पक्ष ने भी बचाव में लाठी-डंडे चलाए। इसमें एक पक्ष के 15, जबकि दूसरे पक्ष के चार लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने हमला करने वाले 25 आरोपियों के विरुद्घ एक पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। दो घायलों को केजीएमयू लखनऊ कर दिया गया है। उधर, दूसरे पक्ष ने भी दीप पूजा में व्यवधान डालने व विरोध करने पर पिटाई का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की मांग की है।
मदारभारी गांव में गुरुवार की रात उस समय चीख पुकार मच गई, जब कुछ लोगों ने एकजुट होकर वनराजा समुदाय से जुड़े ग्रामीणों पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक पूर्व प्रधान कई ग्रामीणों को लेकर मदारभारी गांव के पुरवा धूसा पहुंचे और लाठी-डंडों व सरिया से ग्रामीणों पर हमला कर दिया। आरोप है कि जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए घरों में घुसकर पिटाई की गई। पूर्व प्रधान पर असलहे से फायरिंग करने, जबकि कई अन्य द्वारा असलहे लगाकर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया। ग्रामीणों के अनुसार दहशत फैलाने के लिए बम भी फेंके गए।
मारपीट में दोनों पक्ष के 19 लोग घायल हो गए। इसमें एक पक्ष से भुल्लुर, सिंगारी, टीमू, रंजीत, शीला, बोतल, मालती, भागीरथी, गीता, रेनू, दीपक, सरोजा, रोशनी, सोनी, गुंजन तथा दूसरे पक्ष से विमला देवी, मायाराम, रामचंद्र, झिनकू घायल हो गए। सूचना पर भीटी पुलिस गांव पहुंची और घायलों को भीटी सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भागीरथी व एक अन्य को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति है।
उधर, भीटी थाने में दी तहरीर में दोनों पक्षों ने मारपीट की घटना का अलग-अलग कारण बताया है। एक पक्ष से राजकुमार ने दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव निवासी पूर्व प्रधान हरिकेश सिंह पंचायत चुनाव हार गए हैं। इससे वह धूसा के लोगों से रंजिश रखते हैं। इसे लेकर ही हमला किया गया। उधर, दूसरे पक्ष की विमला देवी का आरोप है कि विपक्षी दीपावली के दिन उनके पूजन कार्य में व्यवधान डाल रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। उनकी गुहार पर पहुंचे मायाराम, रामचंद्र व झिनकू को भी पीटा गया।
इस बीच पुलिस ने एकजुट होकर हमला करने के मामले में राजकुमार की तहरीर पर पूर्व प्रधान हरिकेश सिंह, सगे भाइयों दिनेश सिंह व राजेश सिंह, विकास सिंह, देवांश सिंह, आलोक सिंह, संतोष गौड़, रामप्रकाश, सुरजीत व जितेंद्र निषाद समेत कुल 25 आरोपियों के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उधर, दीपावली की रात मदारभारी के धूसा में हुई मारपीट की जानकारी होने पर एएसपी संजय कुमार राय व सीओ भीटी रुक्मिणी वर्मा ने गांव का दौरा किया। एएसपी ने ग्रामीणों से वार्ता की और समुचित सुरक्षा व कार्रवाई का भरोसा दिलाया।