अंबेडकरनगर के लल्लनजी ब्रम्हचारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसएस शिविर में मौजूद छात्राएं?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। लल्लनजी ब्रह्मचारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पांचवें दिन शिविरार्थी छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान चलाया। चयनित गांवों में पहुंचकर शिविरार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता, शिक्षा व सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया।
एनएसएस शिविर के पांचवें दिन लल्लनजी ब्रह्मचारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजेसुल्तानपुर के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान चलाया। इससे पहले पूर्व सांसद प्रतिनिधि डॉ. संजय सिंह ने छात्र-छात्राओं को कई अहम जानकारियां दीं। कहा कि छात्र-छात्राओं की जिम्मेदारी है कि स्वयं जागरूक होने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करें। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज को जागरूक बनाया जा सकेगा। शिविरार्थियों ने बाद में गांवों में जाकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा व सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। कहा कि बेहतर स्वास्थ्य से ही आम नागरिक तरक्की के पथ पर आगे बढ़ सकता है। ऐसे में सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति हमेशा सचेत रहना चाहिए। साथ ही शिविरार्थियों ने ग्रामीणों से दहेज रूपी सामाजिक कुरीति से दूर रहने का आह्वान किया। कहा कि दहेज समाज के लिए कलंक है। ऐसे में सभी को इससे बचना चाहिए।
प्रबंधक सुरेंद्रनाथ सिंह व प्राचार्य डॉ. अखिलेश सिंह ने शिविरार्थी छात्र-छात्राओं को कई अहम जानकारियां दीं। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र प्रताप वर्मा ने किया। छात्रा अर्चना, निहारिका, निधि, रीना, शिवांगी ने भाषण प्रतियोगिता के जरिये दहेज प्रथा पर अपने विचार व्यक्त किया।
वहीं गांधी स्मारक इंटर कॉलेज राजेसुल्तानपुर में कार्यक्रमाधिकारी हरिप्रसाद यादव व श्यामकेतु सिंह के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं की ओर से राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के तहत राजेसुल्तानपुर बाजार में लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से स्वच्छता मुहिम को सफल बनाने का आह्वान किया। छात्र-छात्राओं ने कहा कि स्वच्छता अपनाकर हम कई तरह की समस्याओं से निजात पा सकते हैं। प्रधानाचार्य कप्तान सिंह ने कहा कि शिविर में मिली सीख को शिविरार्थियों को अपने जीवन में आत्मसात करने की जरूरत है। इस मौके पर बाल्मीकि सिंह, ओमप्रकाश, ज्ञानेंद्र सिंह व मंजू सिंह व मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।