अंबेडकरनगर के परतूपुर में अवैध खनन का विरोध कर रहे ग्रामीणों को समझाते बुझाते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुल्तानपुर/जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर अवैध बालू खनन से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को परतूपुर के पास मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। हंगामा बढ़ता देख एसडीएम और सीओ आलापुर मौके पर पहुंचे। लोगों का आरोप था कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए अवैध बालू खनन किया जा रहा है। अधिकारियों ने कम्हरिया घाट के पास से मशीनें हटवाकर लोगों को शांत कराया। बाद में सड़क निर्माण के लिए चांडीपुर घाट के निकट तालाब की भूमि को मिट्टी खोदाई के लिए चिह्नित कराया गया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह और सुरेश सिंह के नेतृत्व में नाराज ग्रामीण जहांगीरगंज कम्हरिया मार्ग पर परतूपुर गांव के निकट पहुंचे और अवैध बालू खनन का आरोप लगाते हुए मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर कुछ देर बाद एसडीएम मोहनलाल गुप्त और सीओ जगदीश लाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर मनमाने ढंग से की जा रही खोदाई से सरयू नदी की बाढ़ का दंश झेलना पड़ेगा।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि जांच कर समुचित निर्णय लिया जाएगा। अधिकारियों ने बाद में कम्हरिया घाट से फौरन मशीनें हटाने का निर्देश दिया। कहा कि चंडीपुर घाट के निकट जो तालाब चिह्नित है वहां से मिट्टी की खोदाई की जाए। एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन के आरोप की जांच की जा रही है। सड़क निर्माण में लगी एजेंसी को चिह्नित तालाब भूमि से ही मिट्टी लेने के निर्देश दिए गए हैं।