बसखारी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के पूरा बजगोती नसरुल्लाहपुर गांव के पास नाले में गुरुवार को तीन दिन पहले घर से रोजी रोटी के लिए निकले अधेड़ का शव उतराता पाया गया। परिजनों ने शव की शिनाख्त कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीण का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शव लगभग दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
बसखारी थाना क्षेत्र के पूरा बजगोती नसरुल्लाहपुर गांव निवासी सुरेश कुमार निषाद (58) बीती 6 दिसंबर को घर से रोजी रोटी के लिए इलाहाबाद के लिए निकला था। बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के पास ही कुंडी नदी के नाले में सुरेश कुमार का शव पाया गया।
सूचना पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त सुरेश कुमार के रूप में की। थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि परिजनों के प्रार्थना पत्र पर सूचना पंजीकृत कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।