तेज रफ्तार वैन ने बाइक सवार एक अधेड़ को रौंद दिया जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। उधर अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में वृद्ध समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र सम्मनपुर अंतर्गत रसूलपुर बाकरगंज निवासी मुन्ना (55) एक युवक के साथ सोमवार देर शाम बाइक से सिकंदरपुर बाजार से घर जा रहे थे। नैली झील के निकट सामने से आ रही वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
मुन्ना के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठा युवक बाल-बाल बच गया। जब तक आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचते, चालक वैन लेकर भाग निकला। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। मुन्ना ने हेलमेट नहीं लगाया था।
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत सिकरोहर गांव निवासी निरंजन तिवारी (65) को रविवार देर शाम साइकिल से सैदापुर बाजार से घर जाते समय जीप ने टक्कर मार दी। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। जब तक लोग मौके पर पहुंचते, चालक जीप लेकर भाग निकला।
आननफानन में निरंजन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, आलापुर थाना अतंर्गत आलापुर निवासिनी अंतिमा (20) को सोमवार सुबह बाजार में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
उसे सीएचसी रामनगर ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, अहिरौली थाना अंतर्गत अहिरौली निवासी सच्चाराम (18) रविवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय कटेहरी बाजार के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इनके अलावा टांडा थाना अंतर्गत सम्हरिया गांव निवासी बब्लू (24) को सोमवार सुबह बाइक से टांडा जाते समय किसी बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे सीएचसी टांडा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।