अंबेडकरनगर। टांडा से भाजपा विधायक संजू देवी का टिकट काटे जाने को लेकर वैश्य समाज आक्रोशित है। समाज ने मंगलवार को आपात बैठक कर संजू देवी का टिकट काटे जाने पर नाराजगी जताई। इसमें कहा गया कि पार्टी को विधानसभा चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना होगा। टांडा विधानसभा सीट सेे सिटिंग विधायक संजू देवी के अलावा उनके प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्ता टिकट के प्रबल दावेदार थे।
लंबी उहापोह की स्थिति के बाद गत दिवस भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सिटिंग विधायक का टिकट काटते हुए कपिलदेव वर्मा को टांडा से भाजपा का टिकट थमा दिया था। वरिष्ठ सदस्य राजमन साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष नंदलाल जायसवाल ने कहा कि संजू देवी का टिकट काटने से संपूर्ण वैश्य समाज आहत है। युवा शाखा जिलाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि सिटिंग विधायक का टिकट काटकर भाजपा ने वैश्य समाज की उपेक्षा की है।