अंबेडकरनगर। शासन की ओर से उच्च प्राथमिक विद्यालयों को खोलने के लिए दिए गए दिशा-निर्देश के बाद जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में कक्षा एक से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकें भी पहुंचनी शुरू हो गई हैं। 23 अगस्त से कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालय खोले जाएंगे, जबकि कक्षा 1 से 5 तक के प्राथमिक स्कूल एक सितंबर से खुलेंगे। ऐसे में विद्यालय पहुंचने पर बच्चों को नई पुस्तकें उपलब्ध कराने का कार्य शुरू हो गया है। जिला मुख्यालय पर पुस्तक पहुंचने के साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर पुस्तकें भेजने का काम भी जारी है। इससे लगभग दो लाख छात्रञछात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।
कोरोना महामारी से मिलती राहत के बीच प्रदेश में शिक्षण व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद तेज हो गई है। शासन के निर्देश पर बीते दिनों जहां माध्यमिक स्कूलों को विशेष एहतियातों के साथ खोला गया, वहीं अब उच्च प्राथमिक विद्यालयों को खोलने की कवायद शुरु हो गई है। बीते दिनों शासन ने संबंधित जिलों से आवश्यक फीडबैक लेने के बाद उच्च प्राथमिक विद्यालयों को खोलने का निर्णय लिया है।
शासन का निर्देश है कि 23 अगस्त से कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल खोले जाएंगे, जबकि कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल 1 सितंबर से खुल जाएंगे। बच्चों के स्कूल पहुंचने पर उन्हें नई पुस्तकें व अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने की तैयारी तेज हो गई है। जिला मुख्यालय पर कक्षा एक से कक्षा 8 तक की पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय पर ट्रकों के माध्यम से विभिन्न विषयों की पुस्तकें पहुंचीं।
वरिष्ठ सहायक डीपी सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय पर पुस्तकों के पहुंचने के साथ ही उसे खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों पर उपलब्ध कराने का कार्य चल रहा है। साथ ही संबंधित क्षेत्र के विद्यालयों को भी पुस्तक सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। विभाग का दावा है कि 23 अगस्त को जब कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल खुलेंगे और बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल पहुंचेंगे तो उन्हें नई पुस्तकें उपलब्ध करायी जाएंगी। अब तक कलवर, किसलय, गिनतारा, पंखुड़ी, हमारा परिवेश, फुलवारी, अंक जगत, प्रकृति, एटलस, अक्षरा, सीखें गणित, संस्कृति निधि, दीक्षा व इंग्लिश रीडर आदि पुस्तकें पहुंच चुकी हैं। इन्हें खंड शिक्षा अधिकारियों कार्यालयों के माध्यम से स्कूलों तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है।
बच्चों को जल्द मिल जाएंगी पुस्तकें
शासन के निर्देश पर विद्यालय खोलने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही पुस्तकों के आने का सिलसिला जारी है। 50 प्रतिशत से अधिक पुस्तकें लगभग सभी कक्षाओं की पहुंच चुकी हैं। उन्हें बीआरसी के माध्यम से स्कूलों पर भेजने का काम भी चल रहा है। बच्चे के पहले दिन स्कूल पहुंचने पर पुस्तक उपलब्ध कराने का प्रयास है।
-भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए