परीक्षा देकर लौटते परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
अंबेडकरनगर। जिले के 123 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से अवध विश्वविद्यालय की परीक्षाएं प्रारंभ हुईं। तीन पालियों में हुई परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। नकलविहीन परीक्षा के लिए दो स्तर पर परीक्षार्थियों की जांच हुई। हालांकि कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं।
सोमवार से शुरू हुई महाविद्यालयीय परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन बनाने के लिए एक दिन पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया गया था। हालांकि पहले ही दिन कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्थाएं सामने आईं। कहीं पेयजल का संकट था, तो कहीं अस्थाई शौचालय की कमी। इस बीच परीक्षा के पहले दिन से अनुपस्थित परीक्षार्थियों का सिलसिला शुरू हो गया।
जिला मुख्यालय स्थित रमाबाई राजकीय महिला पीजी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैफाली सिंह ने बताया कि सोमवार को बीकॉम प्रथम वर्ष की परीक्षा में पंजीकृत सभी 49 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि द्वितीय वर्ष की परीक्षा में एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रही। 38 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। बीकॉम तृतीय वर्ष में में भी एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहीं। 42 परीक्षार्थी ने परीक्षा दी। संत द्वारिका पीजी कॉलेज कोटवा महमदपुर की प्राचार्या डॉ. प्रियंका सिंह ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में संस्कृत विषय की परीक्षा 56 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। द्वितीय वर्ष संस्कृत विषय की परीक्षा में 125 के सापेक्ष 121, जबकि तृतीय वर्ष की परीक्षा में 80 के सापेक्ष 78 ने परीक्षा दी। सभी परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक सचलदल सक्रिय रहा।