भीटी (अंबेडकरनगर)। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित सांसद खेल स्पर्धा महोत्सव का गुरुवार को समापन हो गया। ब्लॉक स्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप प्रतियोगिता ब्लॉक के रामलखन पीजी कॉलेज में हुई। दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन फाइनल मुकाबला परवरभारी व उमरावां के बीच खेला गया। उमरावां की टीम ने निर्धारित समय में 32 अंक तथा परवरभारी की टीम ने 10 अंक बनाए। 22 अंकों के अंतर से उमरावां की टीम जीत हासिल कर चैंपियन बनी। महिला वर्ग में भीटी की टीम ने जबलपुर की टीम को 5 अंक से हराकर विजेता बनी।
बीडीओ अनुराग सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि खेल का क्षेत्र युवाओं के लिए बेहतर कॅरियर के लिहाज से बेहतर है। युवाओं को विभिन्न खेलों में अपने कॅरियर तलाशना चाहिए। सरकार भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए तमाम सुविधाएं मुहैया करा रही है। ऐसे में युवाओं को इसका लाभ उठाकर बेहतर प्रदर्शन की तरफ फोकस करना चाहिए। भीटी ब्लॉक के खेल संयोजक सचिव राजमणि सिंह ने पार्टी के इस प्रयास की सराहना की।
कहा कि भाजपा ने एक नई पहल शुरू की है। युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने में ऐसी खेल प्रतियोगिताएं मील का पत्थर साबित होती हैं। खेल प्रतियोगिता में कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया था। गुरुवार को आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता पुरुष वर्ग में उमरावां की टीम चैंपियन रही तो महिला वर्ग में भीटी की टीम चैंपियन बनी। बाद में विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. राणा वीर सिंह, कुलदीप सिंह, दिलीप तिवारी, गुलाब सिंह आदि मौजूद रहे।