अंबेडकरनगर। लंबे अवकाश के बाद जिला अस्पताल में ड्यूटी पर रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव पहुंचे, तो फिर से अल्ट्रासाउंड जांच प्रारंभ हो गई। 10 दिन बाद जांच प्रारंभ होने से अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों व तीमारदारों ने राहत की सांस ली। सोमवार को 32 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
अल्ट्रासाउंड कराने के लिए सोमवार को जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों ने राहत की सांस ली। उनकी सुचारु रूप से जांच की गई। दरअसल जिला अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पीएन यादव की तैनाती है। बीती तीन जून को डॉ. पीएन यादव 18 जून तक के लिए लंबे अवकाश पर चले गए। इससे जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच ठप हो गई। भीषण गर्मी में जांच के लिए दूरदराज से मरीज व तीमारदार जिला अस्पताल पहुंचते, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लग रही थी। इससे मरीजों व तीमारदारों में नाराजगी व्याप्त होने लगी थी।
इस बीच सोमवार को जब मरीज जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉ. पीएन यादव को कक्ष में बैठे देखा। डॉ. पीएन यादव ने बताया कि वैसे तो उन्होंने 18 जून तक अवकाश लिया था, लेकिन जरूरी काम निपटाकर मरीजों के हित को देखते हुए जिला अस्पताल में ड्यूटी पर पहुंच गए। बताया कि सोमवार को 34 मरीजों का अल्ट्रासाउंड हुआ। जिला अस्पताल में मिले तीमारदार राकेश व भगवती ने कहा कि यह देख राहत हुई कि जांच का कार्य सुचारु रूप से हो रहा है। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि अल्ट्रासाउंड जांच शुरू हो गई है।