सद्दरपुर। अलीगंज क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार को विषाक्त पदार्थ खाने से किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
अलीगंज के खासपुर जहांगीरगंज निवासी किसान अमित कुमार (26) की रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले गए। चिकित्सकों ने विषाक्त पदार्थ के सेवन की जानकारी दी। उपचार के दौरान शाम करीब छह बजे अमित की मौत हो गई।
अमित की मौत से परिवार में मातम छा गया। उनकी शादी तीन साल पहले हुई थी। उनके सात माह के बेटे अनमोल के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी शालिनी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राम सुंदर और अन्य परिजन भी गम में डूबे हैं। अमित के मंझले भाई राहुल किसान हैं, जबकि दूसरे भाई सत्यम प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
दूसरी घटना अलीगंज के बहादुरपुर गांव की है। यहां श्रमिक फागूराम (50) ने रविवार सुबह करीब आठ बजे विषाक्त पदार्थ खा लिया। पुत्र कुंदन के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो वहां विषाक्त पदार्थ मिला। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9:30 बजे उनकी मौत हो गई।
फागूराम की मौत से पत्नी विमला देवी, मां लाली देवी और चार बच्चों का परिवार सदमे में है। फागूराम के चार बच्चे राजन, साजन, कुंदन और मुस्कान हैं। राजन रोजगार के सिलसिले में बेंगलुरु में रहते हैं, जबकि साजन आंत की समस्या के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।