अंबेडकरनगर में क्षतिग्रस्त हुए नेशनल हाइवे को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मुलाकात क
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में दो राष्ट्रीय राजमार्गों के गड्ढों में तब्दील हो जाने से यात्रियों व नागरिकों को काफी परेशानी हो रही है। इसे लेकर सांसद रितेश पांडेय ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्हें बताया कि टांडा से सुल्तानपुर के बीच में नेशनल हाईवे का अत्यंत खराब निर्माण होने के चलते सड़क कई जगह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है, जबकि वाराणसी जाने वाला मार्ग अकबरपुर से सुरहुरपुर तक हद दर्जे तक क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे प्रतिदिन हजारों नागरिकों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सर्वाधिक दिक्तत महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को हो रही है।
गौरतलब है कि अकबरपुर से जौनपुर होते हुए वाराणसी जाने वाले मार्ग को नेशनल हाईवे घोषित कर दिया गया है। ऐसे में सड़क की रखरखाव व मरम्मत का जिम्मा लोक निर्माण विभाग से हटकर नेशनल हाईवे अथारिटी के पास चला गया है। यह सड़क अकबरपुर नगर के आगे मरैला स्थित जिला जेल से लेकर खजुरी बाजार के आगे तक हद दर्जे तक क्षतिग्रस्त हो गई है। इसी तरह टांडा से अकबरपुर होते हुए सुल्तानपुर तक जाने वाले जिस नेशनल हाईवे का निर्माण पूरा हो चुका है, वह जिले की सीमा में जगह-जगह गड्ढे का रूप ले लिया है। सुल्तानपुर जनपद की सीमा में भी सड़क का बुरा हाल है।
इन्हीं दोनों प्रमुख मार्गों की बदहाली को लेकर बसपा सांसद रितेश पांडेय ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय सड़क एवं राज्य मार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्हें बताया कि अकबरपुर से जाफरगंज व खजुरी बाजार होते हुए सुरहुरपुर बाजार तक नेशनल हाईवे का विधिवत निर्माण अविलंब कराए जाने की जरूरत है। सांसद ने मंत्री को बताया कि अकबरपुर से सुल्तानपुर तक नेशनल हाईवे का निर्माण मानक के अनुसार नहीं किय गया। इसके चलते सड़क कम समय में ही जवाब दे गई है। मौजूदा समय में दोनों ही मार्ग से सुुचारु यात्रा कर पाना अत्यंत कठिन हो गया है। सांसद ने मंत्री से मांग की है कि जल्द से जल्द दोनों नेशनल हाईवे का विधिवत निर्माण शुरू कराया जाएगा। मंत्री से मिलकर लौटे सांसद ने बताया कि केंद्रीय सड़क मंत्री ने जल्द ही मार्गों की बेहतरी सुनिश्चित कराए जाने का भरोसा दिलाया है।