अंबेडकरनगर के गोविन्द साहब में मेले के मद्देनजर सजने लगी दुकानें
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर (अंबेडकरनगर)। पूर्वांचल के ऐतिहासिक महात्मा गोविंद साहब मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं। गोविंद दशमी स्नान के साथ 13 दिसंबर से शुरू होने वाला यह मेला पूरे एक माह तक चलेगा। गैर प्रांतों से आने वाले खजला, मनोरंजन व श्रृंगार सामग्री बेचने से जुड़े कारोबारियों ने अपनी दुकानें भी सजाना शुरू कर दी है। प्रशासन व मेला आयोजक समिति भी नियमित तौर पर बैठक कर मेला तैयारियों का जायजा ले रहा है।
आलापुर तहसील क्षेत्र के गोविंद साहब धाम में प्रत्येक वर्ष गोविंद दशमी स्नान के साथ माह भर चलने वाले मेला की शुरुआत होती है। इस बार गोविंद दशमी स्नान 13 दिसंबर को पड़ रहा है। ऐसे में इस दिन गोविंद सरोवर में स्नान व मठ पर पूजन अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। इस मेला में अंबेडकरनगर के अलावा आस पास के आधा दर्जन से अधिक जिलों के लोग पहुंचते हैं।