अंबेडकरनगर। एटीएम के कैश डिस्पेंस स्लॉट में धातु की पत्ती फंसाकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय आरोपी खैरुल वासर और बैदुल्ला को पुलिस ने जलालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एक साल से कई जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहे थे। खैरुल वासर पर वाराणसी और जौनपुर में सात मामले दर्ज हैं।
सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि अकबरपुर की कृष्णानगर कॉलोनी निवासी अजय कुमार ने बुधवार को तहरीर दी थी कि शहजादपुर स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये न निकलने पर ठगी का पता चला। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शहजादपुर चौकी प्रभारी रणविजय सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने जलालपुर मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मऊ के मुहम्मदाबाद (सरकंडा भादिर) निवासी बैदुल्ला और गाजीपुर के खानपुर (बेलहरी) निवासी खैरुल वासर के रूप में बताई।