हजपुरा। सम्मनपुर के लालपुर गांव में बृहस्पतिवार को प्रशासन ने नवीन परती और चकमार्ग की जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिए। यह कार्रवाई मनोज कुमार की जनहित याचिका पर की गई है।
तहसीलदार दिव्या भारती वर्मा ने बताया कि गांव में रामसिधार का नवीन परती पर, जबकि उमंग व राधेश्याम का नवीन परती और चकमार्ग पर कब्जा था। वहीं उत्कर्ष आनंद और रामभेज ने चकमार्ग पर अतिक्रमण कर रखा था। मामले में राजस्व संहिता की धारा-67 के तहत तहसीलदार न्यायालय अकबरपुर और बाद में जिलाधिकारी न्यायालय की अपील खारिज हो चुकी है। हालांकि, उमंग-राधेश्याम का मामला अयोध्या मंडलायुक्त न्यायालय और उत्कर्ष आनंद का वाद हाईकोर्ट लखनऊ पीठ में विचाराधीन है।
तहसीलदार ने बताया कि चेतावनी के बावजूद कब्जा न हटाने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई की गई है। शेष अतिक्रमण भी न्यायालय के आदेशानुसार हटाए जाएंगे। इस दौरान नायब तहसीलदार अंबरीश सिंह सहित अन्य राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।