टांडा। अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग अलग गांव में एक युवक व एक अधेड़ का शव मिलने के मामले में एक की पहचान हो गई, जबकि दूसरे की पहचान का प्रयास पुलिस कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मालूम रहे कि शुक्रवार को अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा कलवारी पुल के निकट कपड़े में लिपटा हुआ रस्सी से बंधा एक शव सरयू नदी के किनारे पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस को लगभग 45 वर्षीय अधेड़ का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान का तमाम प्रयास किया। शव पर किसी भी प्रकार का चोट का भी निशान नहीं था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसी थाना अंतर्गत खासपुर के मजरा रसूलपुर के बाहर स्थित एक तालाब में शुक्रवार शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी।
उसकी पहचान भैय्याराम पुत्र सियाराम निवासी रसूलपुर खासपुर के रूप में हुई। संभावना जताई जा रही है कि युवक तालाब के किनारे गया हुआ होगा, पैर फिसलने से वह तालाब में डूब गया, उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ नागेद्र सरोज ने बताया कि दोनों की मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। जिस अधेड़ की पहचान नहीं हो सकी है, उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।