नगर के जुबेर चौराहे पर लगे चार-चार सौ केवी क्षमता के दो ट्रांसफार्मर शुक्रवार को अचानक धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें उठती देख मौके पर भगदड़ मच गई। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। इस घटना से मार्ग पर आवागमन भी काफी देर तक ठप रहा।
फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मरों के जलने से जुबेर चौराहा, हयातगंज, सब्जी मंडी, लोहा मंडी, चौक, घंटाघर समेत लगभग छह मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। लगभग 20 हजार आबादी प्रभावित हुई। गौरतलब है कि जुबेर चौराहे पर 400-400 केवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं।
इन ट्रांसफार्मरों से नगर के विभिन्न मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार को दोनों ट्रांसफार्मरों की केबल गर्म हो गई। कुछ ही देर में पहले एक ट्रांसफार्मर में आग लगी। धू-धू कर आग की लपटें उठने लगीं। यह देख मौके पर हड़कंप मच गया। आग की उठती लपटों ने दूसरे ट्रांसफार्मर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आसमान छूती लपटें देख आसपास के दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। इस बीच जानकारी होने पर फायरकर्मियों ने लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ट्रांसफार्मरों के फुंकने से जुबेर चौराहा, हयातगंज, सब्जी मंडी, लोहा मंडी, चौक, घंटाघर समेत लगभग छह मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। इससे लगभग 20 हजार की आबादी प्रभावित हुई। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवर लोडेड चल रहे दोनों ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। इसी का नतीजा रहा कि भीषण गर्मी के बीच दोनों ट्रांसफार्मर जवाब दे गए।