अंबेडकरनगर। साइकिल से अकबरपुर दवा लेने आ रहे ग्रामीण की सोमवार को सुबह मालीपुर रोड पर ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचल कर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
मालीपुर थाना क्षेत्र के हरगपुर कौड़हा गांव निवासी मग्घू (55) सुबह साइकिल से अकबरपुर दवा लेने के लिए आ रहे थे। बताया जाता है कि जब वह साइकिल से अकबरपुर नगर के निकट मालीपुर रोड पर ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। अकबरपुर कोतवाल अमित सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।