अंबेडकरनगर। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र की 50 सड़कों का निर्माण व मरम्मत कराई जाएगी। 14वें व 15वें वित्त के तहत बनने वाली सड़कों के निर्माण में किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। उम्मीद है कि आचार संहिता लागू होने से पहले सड़कों के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इसमें 80 प्रतिशत नई सड़कें बनेंगी, जबकि 20 प्रतिशत सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। इन सड़कों के निर्माण से लगभग एक लाख लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
नागरिकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत न सिर्फ नई सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, बल्कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर नई सड़कों का निर्माण कराने के साथ ही सड़कों की मरम्मत कराई गई है। सड़कों के निर्माण का क्षेत्र के नागरिकों को व्यापक लाभ भी मिल रहा है।
इस बीच अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने 14वें व 15वें वित्त के तहत नगर पालिका परिषद क्षेत्र की 50 सड़कों का निर्माण व मरम्मत कराने को मंजूरी प्रदान की है। अकबरपुर नगर पालिका परिषद कार्यालय के अनुसार लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 50 सड़कों का निर्माण 14वें व 15वें वित्त के तहत होगा। सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ हो सके, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया है। संभावना है कि आचार संहिता लागू होने से पहले दिसंबर के अंत तक निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इससे लगभग एक लाख आबादी का आवागमन आसान हो जाएगा।
इन सड़कों का होगा निर्माण व मरम्मत
सम्मोपुर में त्रिभुवन के मकान से नन्हें राजभर के मकान तक खड़ंजा, मुन्ना यादव के प्लाट से रामदौर के मकान तक खड़ंजा निर्माण, अहरिया में सूर्यनरायन के प्लाट से साधू के घर तक खड़ंजा कार्य, बावनपुर में मनराज गुप्ता के मकान से मुख्य सड़क तक पिच रोड, नेहरूनगर में रामफेर के घर से कृष्ण कुमार के घर तक इंटरलॉकिंग कराई जाएगी। इसी तरह मंती का पूरा में हरीराम के घर से शीतला प्रसाद के घर तक नाली निर्माण, मोहित के घर से शिवप्रसाद के घर तक खड़ंजा कार्य, धौरहरा में हरिलाल के मकान से हरीराम के मकान तक इंटरलॉकिंग कार्य, मोहसनिपुर में शहरी गरीब आश्रयस्थल के सामने से विनायक होटल तक इंटरलॉकिंग एवं उच्चीकरण, मोहसिनपुर में शिवकुमार गुप्ता के मकान से राकेश मिश्र के मकान तक इंटरलॉकिंग कराई जाएगी। बसखारी रोड पर शैलेंद्रालय के बगल से श्यामसुंदर जायसवाल के घर तक खड़ंजा कार्य, दोस्तपुर रोड पर मेन रोड से संदीप के मकान तक खड़ंजा निर्माण, अयोध्या मार्ग पर राकेश पांडेय की फैक्ट्री से राहुल मिश्र के मकान तक खड़ंजा, जोलहिया में हीरालाल के मकान से उमापति के मकान तक सीसी रोड बनाया जाएगा। अकबरपुर टांडा रोड पर विट्स कंप्यूटर से रमेश के मकान तक इंटरलॉकिंग कार्य, इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट से रेलवे क्रॉसिंग स्थित प्रमोद के मकान तक मिट्टी व खड़ंजा कार्य, सम्मोपुर में आशाराम गुप्ता के मकान से विजय के घर तक खड़ंजा, बावनपुर में रामसूरत के घर से मेल रोड तक खड़ंजा निर्माण, रतनपुर मेन रोड से असलम के मकान तक इंटरलॉकिंग, कृष्णानगर कॉलोनी में प्रवेश गुप्ता के घर से चंदन गुुप्ता के घर तक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य समेत कुल 50 कार्य होने हैं।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
14वें व 15वें वित्त के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 50 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें 80 प्रतिशत सड़कें नई बनेंगी, जबकि 20 प्रतिशत सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। ज्यादातर के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है, जबकि कुछ का शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। दिसंबर के अंत तक निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
-बीना सिंह, अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद