अंबेडकरनगर। मरीजों के लिए लाइफ लाइन साबित होने वाली एंबुलेंस सेवा के बेड़े में बृहस्पतिवार को तीन नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस शामिल हो गईं। इसके अलावा 102 एंबुलेंस सेवा की पांच नई एंबुलेंस भी एक दो दिन में जिले को उपलब्ध होंगी। इन नई एंबुलेंस के उपलब्ध होने से मरीजों को बेहतर प्राथमिक उपचार का लाभ मिल सकेगा।
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस एडवांस लाइफ सपोर्टिंग की चार एंबुलेंस जिले में हैं। इनमें दो एंबुलेंस राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर व दो जिला अस्पताल में तैनात हैं। जिला अस्पताल में तैनात दो एएलएस नीलामी की सीमा पार कर चुकी हैं। ऐसी एंबुलेंस के स्थान पर नई एंबुलेंस जिले को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया बीते दिनों शुरू हुई थी।
इसी क्रम में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य निदेशालय से जिले को तीन नई एएलएस एंबुलेंस उपलब्ध हो गईं। यह तीनों एंबुलेंस जिला अस्पताल में ही तैनात रहेंगी। स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश के बाद जिला अस्पताल में पहले से मौजूद नीलामी सीमा पार कर चुकीं दो एंबुलेंस को हटा दिया जाएगा।
102 एंबुलेंस सेवा के मैनेजर अमित कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को तीन एएलएस एंबुलेंस जिले को उपलब्ध हुई हैं। 102 एंबुलेंस सेवा की पांच नई एंबुलेंस एक दो दिन में जिले को उपलब्ध हो जाएंगी। बताया कि जिले में 102 सेवा की 26 एंबुलेंस हैं। इनमें से पांच ऐसी हैं जो नीलामी सीमा पार कर चुकी हैं। पांच नई एंबुलेंस मिलने के बाद पुरानी एंबुलेंस को बेड़े से हटा दिया जाएगा।