युवकों ने दुकान मालिक व दो कारीगरों की डंडों से पिटाई कर दी। कुछ स्थानीय लोगों के डपटने पर धमकी देते हुए वे भाग गए। अकबरपुर फैजाबाद मार्ग पर दुल्लापुर गांव निवासी रामजतन पुत्र मेहीलाल का सैलून है। बुधवार दोपहर लाठी-डंडों से लैस दो बाइकों पर सवार छह युवक दुकान के समक्ष पहुंचे।
सभी दुकान में घुसे और रामजतन (35) पुत्र मेहीलाल की लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। उसे बचाने दौड़े छोटे भाई रामरतन व एक अन्य कारीगर याकूब को भी लाठी-डंडों से धुन दिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। युवकों की दबंगई से नाराज स्थानीय लोगों ने उन्हें डपटा तो वे बाइक पर बैठकर भाग गए।
हमलावर युवक बनगांव रोड निवासी एक सपा नेता के परिवारीजन बताए जाते हैं। रामजतन का कहना है कि बुधवार सुबह उसकी दुकान पर दो लोग साइकिल से शेव बनवाने आए थे। एक की साइकिल उसकी दुकान के बगल स्थित एक व्यक्ति की बाइक पर गिर गई। बस इसी से नाराज उस व्यक्ति ने इन युवकों को बुलाकर घटना को अंजाम दिलाया।
इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल योगेश शाह ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।