फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी-ब्याह के लिए अकबरपुर में बनेंगे तीन सामुदायिक भवन

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के तीन स्थानों पर शादी-ब्याह व विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण अकबरपुर नगर पालिका परिषद कराएगी। इसका लाभ सिझौली, गदायां व गोविंदपुर अटिका वार्ड के नागरिकों को सीधे तौर पर मिलेगा, जबकि आसपास के नागरिक भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
विज्ञापन

पालिका की टीम ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण के लिए जरूरी जानकारी हासिल की। इसके साथ ही नगर में मार्ग प्रकाश की सुविधा भी चाक-चौबंद बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। नगर पालिका परिषद प्रशासन के अनुसार समूचे नगर में विकास के तमाम अन्य कार्य भी जल्द ही शुरू कराएं जाएंगे। इन सब कार्यों को जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद शुरू कराने की तैयारी है।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने नागरिकों को नए वर्ष में सौगात देने की तैयारियां तेज कर दी हैं। बीते वर्ष में जहां आवागमन, जलनिकासी, मार्ग प्रकाश, सफाई आदि के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्य हुए थे, वहीं अब नए वर्ष में भी विकास से जुड़े कई प्रमुख कार्य शुरू करने की तैयारी है। इसमें सबसे महत्वपूूर्ण कार्य तीन वार्डों में सामुदायिक हॉल का निर्माण कराया जाना है।
विज्ञापन

विस्तारित क्षेत्र होने के चलते गदायां, गोविंदपुर अटिका व सिझौली में पंचायत भवन लंबे समय से निष्प्रयोज्य पड़े हैं। अब पालिका क्षेत्र में आ जाने के कारण नगर पालिका परिषद प्रशासन ने इन्हीं भवनों की चहारदीवारी कराने, अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कराने तथा जर्जर हो चुके कक्षों व शौचालय आदि की नए सिरे से मरम्मत व रंगरोगन कराने का निर्णय लिया है।
दरअसल बीते दिनों अकबरपुर नगर पालिका परिषद प्रशासन ने नगर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर उसे अनुमोदन के लिए डीएम राकेश कुमार मिश्र के पास भेजा था। इसके बाद हुए विचार-विमर्श में तय हुआ कि तीन वार्डों में निष्प्रयोज्य पड़े इन पंचायत भवनों का जीर्णोद्धार कराकर इन्हें सामुदायिक केंद्र में तब्दील किया जाए। इनमें भव्य हॉल का भी निर्माण होगा।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्त के निर्देश पर पालिका अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने रविवार को तीनों वार्डों में मौके पर जाकर जायजा लिया। अवर अभियंता घनश्याम मौर्य ने बताया कि स्थलीय सत्यापन कर लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य में लगने वाली अनुमानित राशि का आगणन कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराए जाएंगे। इसके साथ ही मार्ग प्रकाश, जलनिकासी व आवागमन से जुड़े कई कार्य भी प्रमुखता से होंगे।
नगर पालिका परिषद अकबरपुर की अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने बताया कि वैवाहिक आयोजनों समेत विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए लोगों को पर्याप्त जगह न मिलने के चलते नगर परिषद ने सामुदायिक हॉल के निर्माण का फैसला किया है। इससे लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी। निर्माण कार्य कराकर जल्द ही लोगों को सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें