अंबेडकरनगर। जिले की 902 ग्राम पंचायतों में शीघ्र ही विकास का पहिया तेजी से चल सकेगा। जल्द ही राज्य वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत निधि के खाते में 19 करोड़ रुपये भेज दिए जाएंगे।। संबंधित राशि से ग्राम पंचायतों में न सिर्फ पेयजल, प्रकाश, आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त होगी, बल्कि सफाई व्यवस्था में भी सुधार होगा। इसके अलावा परिसंपत्तियों के रखरखाव व मरम्मत में भी संबंधित राशि का प्रयोग किया जाएगा। इससे विभिन्न प्रकार की मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायतों में विकास का पहिया तेजी से गति पकड़ सके और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके लिए अलग-अलग योजनाओं के तहत ग्राम पंचायत निधि की खाते में राशि भेजी जाती है। इसका व्यापक लाभ भी ग्रामीणों को मिलता है। इसी क्रम में राज्य वित्त आयोग के तहत जिले की सभी 902 ग्राम पंचायत में विकास को गति प्रदान करने के लिए शीघ्र ही 19 करोड़ रुपये ग्राम पंचायत निधि के खाते में भेजे जाएंगे। डीपीआरओ कार्यालय के लिपिक संजीत पटेल ने बताया कि राज्य वित्त आयोग के तहत बीते दिनों ही ग्राम पंचायतों में विकास के लिए प्रथम किस्त के रूप में 18 करोड़ रुपये ग्राम पंचायत निधि के खाते में भेजे गए थे। इससे पहले कि दूसरी किस्त भेजी जाती, विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लग गई। इसके चलते दूसरी किस्त की राशि नहीं भेजी जा सकी।
बताया कि अब जबकि चालू वित्तीय वर्ष समाप्त होने के निकट है, तो ऐसे में राज्य वित्त आयोग के तहत दूसरी किस्त की 19 करोड़ रुपये ग्राम पंचायत निधि के खाते में भेजे जाएंगे। यह राशि 31 मार्च से पहले खाते में भेज दी जाएगी। संबंधित राशि से ग्राम पंचायत में पेयजल, प्रकाश, आवागमन के साथ ही सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने पर खर्च की जाएगी। इसके अलावा परिसंपत्ति के रखरखाव व उसकी मरम्मत पर भी राशि को खर्च किया जा सकेगा।
डीपीआरओ अवनीश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य वित्त आयोग के तहत जिले की सभी 902 ग्राम पंचायत के खाते में शीघ्र ही 19 करोड़ रुपये भेज दिए जाएंगे। इस राशि से ग्राम पंचायतों में मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की जाएगी।