अंबेडकरनगर। सब्जी मंडी हयातगंज में हार्डवेयर की दुकान से चोरी करने के आरोपी को पीड़ित ने दबोच लिया। आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
टांडा के हयातगंज हनुमानगढ़ी मोहल्ला निवासी शरद कुमार जायसवाल के मुताबिक उनकी सब्जी मंडी हयातगंज में अन्नपूर्णा के नाम से हार्डवेयर की दुकान है। 20 जुलाई की रात चोर दुकान की दीवार काटकर अंदर रखा हजारों रुपये का सामान उठा ले गए थे। 21 जुलाई को अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कराया था। उसी दिन शाम को शरद के भतीजे अंकुर जायसवाल ने उनको फोन कर बताया कि एक व्यक्ति गुरुनानक धर्मशाला के पास बोरी में कुछ सामान लेकर बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ वहां पहुंचकर उसे दबाेच लिया। उसके पास मौजूद बोरी खुलवाई गई तो एल्युमिनियम सेक्शन पाइप के आठ टुकड़े, तीन एल्युमिनियम चैनल फंटी, 28 हत्थे और पांच स्टील के फैंसी हत्थे, नौ डिब्बे फेविकॉल मिला। पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान घसियारी टोला मोहल्ला निवासी विश्वनाथ केवट के रूप में बताई। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हार्डवेयर की दुकान से चोरी की बात कबूल की। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।