अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा के इंटरमीडिएट के परिणाम में जिले को मंडल में पहला तो प्रदेश में छठा स्थान मिला है। हाईस्कूल में जिले को 46वें स्थान पर संतोष करना पड़ा। हाईस्कूल में जिले के 87.48 प्रतिशत परीक्षार्थी जहां उत्तीर्ण हुए, तो वहीं इंटरमीडिएट में 91.68 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे।
शनिवार को सामने आए परीक्षा परिणाम में अंबेडकरनगर जनपद की धमक रही। डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जिले का मंडल में पहला, तो प्रदेश में छठा स्थान है। सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस सफलता को आगे भी बरकरार रखना होगा। बताया कि हाईस्कूल में अंबेडकरनगर जनपद का नाम प्रदेश में 46वें स्थान पर रहा।
हाईस्कूल में कुल 37 हजार 767 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। 35 हजार दो परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इसमें 30 हजार 621 छात्रों ने सफलता हासिल की। इसके साथ ही हाईस्कूल का परीक्षाफल 87.48 प्रतिशत रहा। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में कुल 36 हजार 476 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। 34 हजार 465 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। 31 हजार 597 परीक्षार्थी सफल रहे। ऐसे में इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 91.68 प्रतिशत रहा।