अंबेडकरनगर। पुलिसकर्मियों की मनमानी का नया मामला सामने आया है। राजेसुल्तानपुर थाना परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में एक सिपाही ने ही फायरिंग कर हड़कंप मचा दिया। यह संयोग ही रहा कि इसमें किसी को चोट नहीं लगी। घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस प्रशासन मामले की लीपापोती में जुट गया। सीओ आलापुर घटना की जांच करने थाने पहुंचे जरूर, लेकिन उन्होंने स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब तब पुलिसकर्मियों की मनमानी का मामला सामने आता रहता है। ऐसा ही एक प्रकरण अब राजेसुल्तानपुर थाने का सामने आया है। शनिवार को यहां दोपहर में होली मिलन समारोह का आयोजन था। बताया जाता है कि इसमें पुलिसकर्मियों के अलावा कई गणमान्य नागरिक भी शामिल थे। सब कुछ ठीक चल रहा था कि इसी बीच मनमानी करते हुए कुछ सिपाहियों ने असलहों का प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसी ने भी इस पर रोक लगाने की कोशिश नहीं की। नतीजा यह हुआ कि पुलिसकर्मियों की मनमानी और बढ़ गयी।
इसी बीच एक सिपाही ने वहां फायरिंग कर दी। इससे होली मिलन समारोह में भगदड़ की स्थिति मच गयी। खबर यह सामने आयी कि दो सिपाहियों के बीच समारोह के दौरान ही मामूली विवाद हो गया। इससे उत्तेजित एक सिपाही ने फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। चर्चा यह भी थी कि अति उत्साह के चलते सिपाही द्वारा फायरिंग की गई। इस बीच थाना परिसर में ही फायरिंग होने की खबर से हड़कंप मच गया। खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
आननफानन कार्रवाई के बजाय पुलिस प्रशासन लीपापोती में जुट गया। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्र ने कहा कि ऐसी किसी घटना की जानकारी मुझे नहीं है। हो सकता है चूक बस गोली चल गई हो, लेकिन अभी जानकारी नहीं हो पायी है। उधर, थाने में फायरिंग की खबर के बाद सीओ आलापुर जगदीशलाल टमटा राजेसुल्तानपुर थाने पहुंचे और काफी देर तक छानबीन की। बाद में कहा कि अभी जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनका संज्ञान लेते हुए निर्णय लिया जाएगा।