अंबेडकरनगर। भूमि विवाद को लेकर हो रही नोकझोंक रोकने का प्रयास करने में एक युवक को अपनी जान तक गंवानी पड़ी। बीच बचाव करने पहुंचे युवक की हमलावरों ने टाइल्स कटर से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस घटना का कारण बने पति पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच में जुटी है।
रगड़गंज निवासी कृष्णकुमार व अजय के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। कृष्णकुमार अपने खेत में मकान का निर्माण करा रहा है। इसके बगल में अजय का खेत है। आरोप है कि कृष्णकुमार पड़ोसी अजय के खेत से रास्ता निकालना चाह रहा था। इसे लेकर ही दोनों में अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार को एक बार फिर दोनों में इसे लेकर नोकझोंक होने लगी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने समझा बुझाकर दोनों पक्षों को शांत करा दिया। लेकिन कुछ देर बाद एक बार फिर दोनों आमने सामने आकर झगड़ने और मारपीट करने लगे।
इसी बीच उधर से गुजर रहे गांव के ही रवि सोनी (25) ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों को समझा बुझा कर शांत कराना चाहा। इसी बीच कृष्णकुमार के घर के निर्माण में लगा भिदूड़ निवासी राजगीर रवि कुमार वहां पहुंच गया। उसने टाइल्स कटर से बीच बचाव की कोशिश कर रहे रवि सोनी पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अचेत पड़े रवि को लहुलुहान देखकर हमलावर राजगीर मौके से भाग निकला। हो हल्ला सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर ले जाने के दौरान ही रवि ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा । अकबरपुर कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी के अनुसार मृतक के पिता जनार्दन सोनी की तहरीर पर राजगीर रवि कुमार, कृष्णकुमार व उसकी उसकी पत्नी रानी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी कृष्णकुमार व रानी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी रवि कुमार की तलाश में पुलिस टीमें जुटायी गयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी संजय राय तत्काल घटना मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मृतक व अजय के घर वालों के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि घटना के मुख्य आरोपी की भी गिरफ्तारी जल्द ही सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।